बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के छात्र प्रवीण कुमार गर्व ने अपनी मेहनत और लगन से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) इलाहाबाद में पीएचडी (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) में हुआ है। वर्तमान में वह BBAU में एमटेक सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के चौथे सेमेस्टर के छात्र हैं।
प्रवीण कुमार मूल रूप से जनपद सीतापुर के ग्राम रायपुर, पोस्ट कुसैला के निवासी हैं। उनके पिता कमलेश कुमार एक साधारण व आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रवीण ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। उनकी इस उपलब्धि के साथ उन्हें संस्थान की ओर से इंस्टीट्यूट फेलोशिप भी प्रदान की गई है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलेगा। प्रवीण की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे क्षेत्र और विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों और साथियों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।