ई-गवर्नेंस से सशक्त हो रहा ग्रामीण भारत, पंचायतों को मिले चार राष्ट्रीय पुरस्कार

केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में पंचायती राज क्षेत्र की चार पहलों का चयन ग्रामीण भारत में डिजिटल सुशासन की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) को स्वर्ण पुरस्कार मिला है, जबकि महाराष्ट्र की कडेपुर ग्राम पंचायत, पश्चिम त्रिपुरा की बिजय नगर ग्राम पंचायत और नंदुरबार की 'ई-आरोग्य धमनी' पहल को भी राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में ई-ग्राम स्वराज, मेरी पंचायत ऐप, सभासार प्लेटफॉर्म और स्वामित्व योजना जैसी डिजिटल पहलों ने पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सक्षम बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सशक्त एवं डिजिटल पंचायतें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार देशभर की पंचायतों के लिए प्रेरणा हैं और ग्रामीण भारत में ई-गवर्नेंस की मजबूत होती जड़ों का प्रमाण हैं।