• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Six child laborers rescued in a joint operation; awareness campaign conducted regarding the elimination of child labor.

संयुक्त अभियान में 6 बाल श्रमिकों का रेस्क्यू, बाल श्रम उन्मूलन को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

रामपुर/ उत्तर प्रदेश/ रामपुर।पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह एवं नोडल अधिकारी क्षेत्राधिकारी टांडा के पर्यवेक्षण में थाना एएचटीयू पुलिस, श्रम विभाग एवं चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम द्वारा मंगलवार को बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, बाल विवाह तथा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।


संयुक्त टीम ने थाना कोतवाली एवं थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के होटल-ढाबों, टेलर की दुकानों, कपड़ा प्रतिष्ठानों सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 6 बाल श्रमिकों को रेस्क्यू कर बाल श्रम से मुक्त कराया गया तथा संबंधित मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई।

अभियान के दौरान दुकानदारों एवं सेवा नियोजकों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बाल श्रमिकों से कार्य न कराने तथा बाल अधिकारों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।