नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार अलंकरण समारोह में उत्तर प्रदेश की चार विशिष्ट विभूतियों को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया। वाराणसी की शिक्षाविद् एवं साहित्यकार प्रो. मंगला कपूर को साहित्य एवं शिक्षा, लखनऊ के वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी को कला, कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय रघुपत सिंह को मरणोपरांत तथा मुरादाबाद के शिल्पकार चिरंजी लाल यादव को कला एवं हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पद्मश्री प्रदान किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह सम्मान उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।