वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ (रजि.) को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मजबूती मिली है। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने संघ का संरक्षक बनने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है। इसे संघ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद बाल्मीकि ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष देव देवदास चौहान तथा प्रदेश महामंत्री (प्रभारी, पश्चिम उत्तर प्रदेश) सुखदेव सिंह बाल्मीकि के प्रयासों से हरदीप सिंह गिल ने संघ का संरक्षक बनने की सहमति दी है।
इस घोषणा के बाद संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए हरदीप सिंह गिल का स्वागत किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद बाल्मीकि ने कहा कि हरदीप सिंह गिल के संरक्षक बनने से सफाई कर्मचारियों एवं सफाई मजदूरों की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा तथा उनके समाधान में भी गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे सफाई कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संघ का संघर्ष और अधिक मजबूत होगा।