मंडल मुरादाबाद/रामपुर उत्तर प्रदेश/रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर रामपुर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट दिखाई दे रहा है। रविवार को मंडल के पुलिस महानिरीक्षक मुनिराज, मंडल आयुक्त अजन्य कुमार, जिलाधिकारी अजय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने शाहाबाद ग्राउंड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।