• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Kashi's boatman community accorded a grand welcome to Cabinet Minister Narendra Kashyap and prominently raised the issue of boat licenses.

काशी के नाविक समाज ने कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कश्यप का किया भव्य स्वागत, नौका लाइसेंस का मुद्दा प्रमुखता से उठाया

वाराणसी, माँ गंगा निषादराज सेवा समिति उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद घाट पर काशी के नाविक समाज की जनसंवाद बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद 'गुरु' के नेतृत्व में आयोजित बैठक में दशाश्वमेध, राजघाट, अस्सी, शिवाला, जलासेन, गायघाट, रामनगर, सराय मोहाना एवं सूजाबाद सहित विभिन्न घाटों के नाविक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान विनोद कुमार निषाद 'गुरु' ने मंत्री के समक्ष नाविक समाज की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए कहा कि वर्ष 2024 से नगर निगम द्वारा नौका एवं मोटरबोट लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाए जाने से नाविकों की आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम बाहरी कंपनियों को वाटर टैक्सी संचालन की अनुमति देकर स्थानीय नाविकों के हितों की अनदेखी कर रहा है।

बैठक में यह भी कहा गया कि नाविक समाज परिवहन विभाग के माध्यम से नौका लाइसेंस जारी किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करता है और नगर निगम के माध्यम से ही पूर्व की व्यवस्था के अनुसार लाइसेंस नवीनीकरण की मांग करता है।

अपने संबोधन में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने नाविक समाज को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा नगर विकास विभाग को पत्र भेजकर नगर निगम के माध्यम से नौका एवं मोटरबोट लाइसेंस जारी कराने का अनुरोध किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक कार्रवाई कर रही है और जल्द ही नाविक समाज को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में एडवोकेट शिवकुमार निषाद, दुर्गा माँझी, राम किशन माँझी 'टूल्लू', गोपाल प्रसाद निषाद, मोनू साहनी, लक्ष्मण माँझी, विनय केशरी, कुन्दन साहनी, टेलीविजन साहनी, मदन माँझी, अजीत साहनी, राहुल साहनी, लवकुश साहनी, गंगा साहनी, गोविन्द साहनी सहित बड़ी संख्या में नाविक समाज के लोग उपस्थित रहे।