केवीके कल्लीपुर को आदर्श कृषि विज्ञान केन्द्र बनाया जाएगा : कुलपति

वाराणसी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके), कल्लीपुर का निरीक्षण कर इसे प्रदेश का आदर्श कृषि विज्ञान केन्द्र विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने व्यावसायिक नर्सरी, समेकित कृषि प्रणाली, बकरी एवं मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी मॉडल बताया।

कुलपति ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत अम्रपाली आम का पौधा लगाया तथा पांच प्रगतिशील किसानों को लंगड़ा आम की पौध वितरित की। किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने, संभावित एल नीनो के मद्देनज़र मौसम आधारित खेती, डीएसआर तकनीक, वर्षा जल संरक्षण और समेकित कृषि प्रणाली अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।