• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Successful conclusion of the 'Khushi Ki Udaan' organization's internship; youth receive training in social leadership.

खुशी की उड़ान संस्था की इंटर्नशिप का सफल समापन, युवाओं को मिला सामाजिक नेतृत्व का प्रशिक्षण

वाराणसी। सामाजिक संस्था खुशी की उड़ान द्वारा आयोजित इंटर्नशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस इंटर्नशिप में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझाना था।

इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक विकास जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों पर कार्य करने का व्यावहारिक अवसर भी मिला, जिससे उन्हें समाज की वास्तविक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वाराणसी के प्रसिद्ध बहुमुखी प्रतिभा के धनी प्रेरक वक्ता,  प्रख्यात लेखक एवं पांच बार गिनीज़ रिकॉर्ड धारी डॉ. जगदीश पिल्लई जी द्वारा विशेष प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया।  अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों, जीवन मूल्यों, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्रों से अवगत कराया।

उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, समाज के लिए कार्य करने तथा जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी इंटर्न्स को उनके उत्कृष्ट सहभागिता एवं कार्य अनुभव के लिए एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने इस इंटर्नशिप को अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्षा एडवोकेट सारिका दुबे ने कहा कि खुशी की उड़ान संस्था का उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें सामाजिक नेतृत्व, संवेदनशीलता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। भविष्य में भी संस्था द्वारा ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।