• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Special cleanliness drive at Sampurnanand Sanskrit University in preparation for the convocation ceremony.

दीक्षांत समारोह की तैयारी में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान

वाराणसी। आगामी 30 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने ऐतिहासिक मुख्य भवन से अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि शुचिता की अवधारणा उत्तम स्वास्थ्य, सकारात्मक ऊर्जा और सतत विकास का आधार है। स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित यह अभियान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।