रामपुर /उत्तर प्रदेश /रामपुर।आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों तथा पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा कायम रखने तथा यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए तथा उनकी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।