• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Employees accorded a grand welcome to the newly appointed BSA Bhupendra Singh; received assurance regarding the resolution of issues.

नवागत बीएसए भूपेन्द्र सिंह का कर्मचारियों ने किया भव्य स्वागत, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

वाराणसी। उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ, वाराणसी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, बेसिक शिक्षा परिषद, वाराणसी के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संरक्षक मुन्नूलाल रावत एवं जिला अध्यक्ष बद्री प्रसाद के नेतृत्व में नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भूपेन्द्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा गुलाब की पंखुड़ियों से अभिनंदन किया गया। साथ ही विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का परिचय भी कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगपत्र सौंपते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लिपिकीय पद पर पदोन्नति देने, कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ उपलब्ध कराने, रसोइयों का मानदेय प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वितरित करने, वर्दी उपलब्ध कराने तथा सेवा से हटाई गई रसोइयों को पुनः कार्य पर रखने की मांग की। इसके अतिरिक्त संगठन के सुचारू संचालन हेतु शासनादेश के अनुरूप कार्यालय उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उक्त मांगपत्र तीन माह पूर्व भी दिया गया था, लेकिन वरिष्ठ लिपिक जगन्नाथ राम द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर असंतोष व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी हितों से जुड़े किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग सदैव तत्पर रहेगा तथा संगठन को हरसंभव सहयोग और समर्थन प्रदान किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में शहजाद अहमद, जुनैद अहमद, हबीबुर्रहमान, जितेन्द्र कुमार, मशरत कमाल, एहसान आलम, रेशम लाल, विनोद त्रिपाठी, पंकज दुबे, मिथिलेश श्रीवास्तव, मनोज कुमार, चंचल मौर्य, सरोज गिरी, नीलम देवी, राधिका रंजन तिवारी, नरेन्द्र प्रताप, माया देवी, रेखा, चिन्तामणि वर्मा, शेर बहादुर सिंह, घनश्याम गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।