फांसी लगाकर राजमिस्त्री ने की आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस मामले की जाँच में जुटी

हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के नगला बेरिया में एक राजमिस्त्री द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रामचरण निवासी नगला बेरिया के रूप में हुई है।


परिजनों के अनुसार, जितेंद्र की बड़ी बेटी को गांव का ही एक शादीशुदा युवक लंबे समय से परेशान और शोषित कर रहा था। आरोपी युवक द्वारा युवती को धमकियां भी दी जा रही थीं, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक, उसके परिवार के सदस्य और कुछ अन्य लोग लगातार जितेंद्र को धमका रहे थे। इन धमकियों से वह काफी मानसिक तनाव और भय में रहने लगा था। बताया गया कि इसी तनाव के चलते देर रात उसने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।