हाथरस। मुरसान ब्लॉक के गांव बगुली में गंदगी एवं जलभराव की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में फैली गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बुखार, चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
लोगों ने आरोप लगाया कि गांव में सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से नहीं आते हैं, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में ग्राम प्रधान से शिकायत की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने साफ तौर पर कह दिया कि वह इस समस्या के लिए कुछ नहीं कर सकते। गंदगी और जलभराव के कारण आए दिन गांव में विवाद और झगड़े की स्थिति भी पैदा हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सभी ग्रामवासी एकजुट होकर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।