मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा*
रामपुर/तहसील मिलक क्षेत्र की ग्राम पंचायत हर्रिया में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के बंदरबांट का एक बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सुनील कुमार गंगवार ने वर्तमान ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सहायक खण्ड विकास अधिकारी सहित संविदा पर तैनात अवर अभियंता पर सी.सी. रोड निर्माण की सरकारी निधि में भारी वित्तीय अनियमितता और गबन करने का सीधा आरोप लगाया है। इस संबंध में पूर्व प्रधान ने साक्ष्यों के साथ खण्ड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। खण्ड विकास अधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि गाँव में सी.सी. रोड के निर्माण के नाम पर आई सरकारी विकास निधि को नियमों को ताक पर रखकर ठिकाने लगाया गया है। पूर्व प्रधान का आरोप है कि धरातल पर बिना तय मानकों के अत्यंत घटिया निर्माण कार्य कराया गया और कई जगह सिर्फ खानापूर्ति की गई। इसके बाद, मिलीभगत के तहत ग्राम विकास अधिकारी ने चहेते लोगों के गलत बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कर दी गई एक भुगतान संजीव कुमार के खाते में भी किया गया जब संजीव कुमार के बारे में पड़ताल की गयी तो पता चला कि ग्राम विकास अधिकारी के पास जितने गांव वर्तमान में है या पूर्व में रहे है उनके द्वारा उक्त संजीव कुमार के खाते में किसी न किसी मद में भुगतान किया गया इस अवैध भुगतान से सीधे तौर पर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया है। शिकायती पत्र में मांग की गई है कि मामले की जांच के लिए एक तकनीकी टीम गठित की जाए, जो सड़क की भौतिक गुणवत्ता और वित्तीय खातों की गहनता से जाँच करे। शिकायतकर्ता ने दोषी ग्राम पंचायत अधिकारी, सहायक खण्ड विकास अधिकारी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने और इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों से सरकारी धन की रिकवरी करने की पुरजोर मांग की है।