डॉक्टर्स डे पर संगम हॉस्पिटल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 500 लोगों ने उठाया लाभ

वाराणसी। डॉक्टर्स डे के अवसर पर शिवपुर मुख्य बाजार स्थित संगम हॉस्पिटल में बुधवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर में पंजीकरण के बाद मरीजों की पल्स, ब्लड प्रेशर (बीपी), ऑक्सीजन सैचुरेशन (SpO₂), लंबाई, वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही ईसीजी, ब्लड शुगर (आरबीएस), लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), विटामिन-डी, बीएमडी, टीएसएच, एचपीवी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, कोल्पोस्कोपी आदि विभिन्न जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बांझपन, मेडिसिन, सर्जरी, बाल रोग, चर्म रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), नेत्र रोग, फिजियोथेरेपी एवं डायटीशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श दिया।

अस्पताल की डायरेक्टर नीलका अंबेश ने कहा कि डॉक्टर्स डे का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का सम्मान करना ही नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के सफल संचालन में एचआर मैनेजर अश्वनी कुमार सेठ, फार्मासिस्ट विनीत कुमार मौर्य, नर्सिंग स्टाफ राजेश चंद यादव, राकेश कुमार राव, सीमा श्रीवास्तव, प्रतिमा गुप्ता, इंदु गौड़ एवं हीरावती देवी तथा ओटी टेक्नीशियन राजेश कुमार गौतम का विशेष सहयोग रहा। अस्पताल प्रबंधन ने सभी सहयोगियों एवं चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।