वाराणसी। काशी की धार्मिक पवित्रता, गंगा संरक्षण एवं समग्र विकास की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक मांग-पत्र जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से भेजा गया। मांग-पत्र में काशी के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों को विशेष संरक्षित क्षेत्र घोषित करने, गंगा घाटों पर आचार-संहिता लागू करने, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने तथा गंगा प्रदूषण रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इस अवसर पर दी बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी, संरक्षक राजस्व बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र तिवारी एवं भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक राजेश त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि काशी भारत की आध्यात्मिक राजधानी और गंगा सनातन आस्था की जीवनरेखा हैं, जिनकी मर्यादा और पवित्रता का संरक्षण आवश्यक है।