पेयजल, सड़क व तालाब सफाई की मांग पर भाकियू का दूसरे दिन प्रदर्शन, सड़क जाम

खखरेरू /फतेहपुर विजयीपुर विकासखंड के ग्राम कठारिया में पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और तालाबों की सफाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए विजयीपुर–रक्षपालपुर मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई।

जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ग्राम सभा कठारिया में एकत्र हुए और गांव में व्याप्त पेयजल समस्या पर नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि गांव में लगे करीब सात सरकारी हैंडपंपों से दूषित पानी निकल रहा है। हाल ही में कराए गए रीबोर के बाद भी स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा, जिससे बच्चों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

किसानों ने गांव के तालाबों की सफाई कर उनमें स्वच्छ पानी भरवाने की मांग उठाई, ताकि गर्मी के मौसम में मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था हो सके। इसके अलावा दुर्गा माता मंदिर तक बने आरसीसी मार्ग और खड़ंजा सड़क की जर्जर स्थिति को दुरुस्त कराने की मांग की गई। कोटेदार के घर से होली माता स्थल तक खड़ंजा व नाली निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

धरने की सूचना पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ गांव में जाकर समस्याओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन किसानों ने कहा कि जब तक बीडीओ विजयीपुर मौके पर नहीं आएंगे, धरना जारी रहेगा।

दूसरे दिन किसानों ने विजयीपुर–रक्षपालपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर खखरेरू थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह और बीडीओ विजयीपुर जयप्रकाश सुमन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर जल्द समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।