• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Demand for special e-rickshaw service on Maidagin-Godolia route for the convenience of patients and senior citizens.

मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए मैदागिन-गोदोलिया मार्ग पर विशेष ई-रिक्शा सेवा की मांग।

पुलिस आयुक्त से मिले काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल न्याय मंच के पदाधिकारी, “ग्रीन कार्ड” व्यवस्था लागू करने का सुझाव।

वाराणसी। प्राचीन काशी क्षेत्र में लागू यातायात प्रतिबंध के कारण मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल न्याय मंच ने प्रशासन से विशेष व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इस संबंध में संगठन के अध्यक्ष सोना लाल सेठ ने पुलिस आयुक्त काशी जोन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि कोतवाली एवं चौक थाना क्षेत्र की अधिकांश आबादी संकरी गलियों में निवास करती है, जहां वाहनों के प्रवेश पर रोक होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा वरिष्ठ नागरिकों को स्टेशन एवं अन्य आवश्यक स्थानों तक आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

संगठन की ओर से सुझाव दिया गया कि मैदागिन-गोदोलिया मार्ग पर दोनों ओर चार-चार ऑटो अथवा ई-रिक्शा चालकों को “ग्रीन कार्ड” जारी किया जाए, ताकि वे गलियों में प्रवेश कर मरीजों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचा सकें।

पत्र में यह भी मांग की गई कि चयनित वाहन चालकों की न्यूनतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की जाए। साथ ही उनके पास स्वयं का वाहन होना चाहिए तथा दो गणमान्य नागरिकों की संस्तुति भी अनिवार्य की जाए। संगठन ने किराया दर प्रशासन द्वारा निर्धारित करने तथा वाहनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए संबंधित थानों एवं स्थानीय नागरिकों की निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया। काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल न्याय मंच ने प्रशासन से इस मानवीय समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है।

इस दौरान सोना लाल सेठ (अध्यक्ष), महेश चंद्र महेश्वरी (महामंत्री), केसरी नंदन (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), शैलेंद्र कुमार सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), मनोज सिंह (कोषाध्यक्ष) राजेश सोनी (वरिष्ठ उपाध्यक्ष)सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।