सभी मजदूरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रिहाई की उठी मांग।
वाराणसी, दिशा छात्र संगठन की ओर से नोएडा मजदूर आन्दोलन में गिरफ्तार किए गए सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी सत्यम वर्मा और आकृति चौधरी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान सभी मजदूरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रिहाई तथा एनएसए की कार्रवाई वापस लेने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम को स्त्री मुक्ति लीग की लता, दिशा छात्र संगठन के ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता वीके सिंह, चौधरी राजेन्द्र, हरिहर, शहजादे, वंदना चौबे तथा नौजवान भारत सभा से ज्ञान और बीएसएम से मुकेश सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए दिशा छात्र संगठन के अमित ने कहा कि आन्दोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए राजनीतिक कार्यकर्ताओं और मजदूरों के खिलाफ हिंसा में शामिल होने का कोई ठोस सबूत उत्तर प्रदेश पुलिस अब तक पेश नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वरिष्ठ पत्रकार सत्यम वर्मा और छात्र एक्टिविस्ट आकृति चौधरी पर एनएसए लगाकर उन्हें किसी भी कीमत पर जेल में बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
स्त्री मुक्ति लीग की लता ने कहा कि सत्यम वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने भगत सिंह और उनके साथियों के लेखन का संकलन किया है। वहीं आकृति चौधरी एक छात्र एक्टिविस्ट और रंगकर्मी हैं, जिन्हें 11 अप्रैल को बॉटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से हिरासत में लिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आन्दोलन का समर्थन करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।
उन्होंने आदित्य आनंद, रूपेश रॉय, सृष्टि, मनीषा चौहान और हिमांशु ठाकुर समेत अन्य गिरफ्तार कार्यकर्ताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग हैं और मजदूरों के अधिकारों के लिए काम करते रहे हैं।
दिशा छात्र संगठन के ध्रुव ने कहा कि नोएडा, मानेसर और गुरुग्राम में मजदूर बेहतर जीवन और सम्मानजनक वेतन की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांगों को सुनने के बजाय दमन किया गया। उन्होंने सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई और मजदूरों की जायज मांगों को पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान क्रांतिकारी गीत भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में वीके सिंह, चौधरी राजेन्द्र, हरिहर, शहजाद, वंदना, मुकेश, ज्ञान, संदीप, बिरू और मुकुल सहित कई लोग मौजूद रहे।