• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Grand inauguration of “Ummeed Ki Kiran” work from home office in Lucknow, a strong step towards self-reliant India for women and youth

खनऊ में “उम्मीद की किरण” वर्क फ्रॉम होम ऑफिस का भव्य शुभ उद्घाटन, महिलाओं और युवाओं के आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम

लखनऊ। कल्याणपुर, लखनऊ में आज एक नई सोच, नई ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ “उम्मीद की किरण” वर्क फ्रॉम होम ऑफिस का भव्य शुभ उद्घाटन सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक कार्यालय के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें सम्मानपूर्वक रोजगार से जोड़ने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया।

इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की जिला महामंत्री उज़मा सिद्दीकी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्यापार मंडल पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, अपनत्व और सामाजिक एकता की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता रहीं। उन्होंने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया तथा अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और प्रतिभा के बल पर नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि “उम्मीद की किरण” केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि उन महिलाओं और युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा, जो घर से कार्य कर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं।

उन्होंने सभी महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि महिलाएं एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर एक-दूसरे की ताकत बनें और साथ मिलकर कार्य करें, तो समाज और देश में एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति जब संगठित होती है, तो वह परिवार, समाज और राष्ट्र — तीनों को मजबूत बनाने का कार्य करती है।


उज़मा सिद्दीकी ने सभी अतिथियों का हृदय से स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं एवं युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके भीतर आत्मविश्वास जगाना है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपने घर से सम्मानपूर्वक कार्य करने का अवसर मिलता है, तो उसके जीवन में नई उम्मीद और नई ऊर्जा का संचार होता है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उषा जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने महिलाओं के कार्य हेतु अपना स्थान उपलब्ध कराकर इस सामाजिक पहल को मजबूत आधार प्रदान किया। वहीं सुनीता चटर्जी जी लगातार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें कार्य दिलाने के लिए सक्रिय प्रयास कर रही हैं।

इसके अतिरिक्त प्रीति गुप्ता जी, सविता जी, मानसी जी, सुनीता जी सहित अनेक महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की और एकजुट होकर महिलाओं के उत्थान एवं संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आश्वासन दिया। उपस्थित सभी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की इस मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। अंत में सभी अतिथियों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।