मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश/कुंदरकी। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना कुंदरकी क्षेत्र के गांव ढकिया जुम्मा तथा कादरपुर मस्ती में अलग-अलग जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के पूर्व एवं वर्तमान प्रधान, मौलाना, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जन चौपाल के दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और सभी लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। ग्रामीणों को जुआ, सट्टा, अवैध शराब तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांव को अपराधमुक्त बनाने में आमजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।
जन चौपाल में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक एवं ओटीपी साझा करने से बचें तथा किसी भी साइबर ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दें।
कार्यक्रम के अंत में गांव में अमन-चैन बनाए रखने एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। वहीं अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को अपराध छोड़ने की सख्त चेतावनी भी दी गई।