• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Elderly man and goat die after coming into contact with electrified wire in field; farmer accused of negligence.

खेत में लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से वृद्ध व बकरी की मौत, किसान पर लापरवाही का आरोप

 खखरेरू, फतेहपुर  थाना क्षेत्र के सुदेशरा गांव में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक वृद्ध और उसकी बकरी की मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुदेशरा गांव निवासी इद्दू पुत्र दरगाही (70) शुक्रवार शाम करीब छह बजे बकरी चराकर घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे स्थित एक खेत के चारों ओर किसान धर्म सिंह पुत्र राधे द्वारा झटका तार बांधा गया था, जिसमें परिजनों के अनुसार कथित रूप से 440 वोल्ट विद्युत करंट प्रवाहित किया जा रहा था। इसी दौरान घास चरते समय बकरी तार की चपेट में आकर फंस गई। बताया जाता है कि बकरी को बचाने के प्रयास में इद्दू ने जैसे ही तार को छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बकरी ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वृद्ध की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी समेत पुत्रियां रिहाना बानो, बेबी, कमरजहां, फूलजहां और रुखसाना बानो का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतक का पुत्र इम्तियाज अहमद रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता है। ग्रामीणों के अनुसार इद्दू बकरियां चराकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।


सूचना मिलने पर खखरेरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि खेत की सुरक्षा के नाम पर खुलेआम करंट प्रवाहित करना घोर लापरवाही है। उन्होंने संबंधित किसान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले से संबंधित तहरीर प्राप्त हुई है तहरीर के आधार पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।