• Home
  • Uttar Pradesh
  • Raebareli
  • Important organizational meeting of Rashtriya Yuva Vahini and Rashtriya Yuva Vahini National Volunteer BJP concluded.

राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न

रायबरेली/लखनऊ, 31 मई 2026। राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रहित के कार्यों तथा संगठन के भावी कार्यक्रमों पर लगभग 8 घंटे तक विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से संगठन के सुरक्षा प्रभारी एवं सुरक्षा सहयोगी श्री सुजीत सिंह जी के साथ संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के व्यक्तिगत विकास, नेतृत्व निर्माण, सामाजिक दायित्वों एवं संगठन की भावी कार्ययोजना पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक, सामाजिक एवं नेतृत्व क्षमता के स्तर पर सशक्त बनाना रहा।


बैठक के दौरान जनपद रायबरेली में संगठन के नवीन कार्यालय के उद्घाटन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला सचिव श्री नरेंद्र बहादुर सिंह जी द्वारा कार्यालय की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं तथा बोर्ड एवं अन्य आवश्यक कार्य अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित रूप से कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम 7 जून (रविवार) को आयोजित किए जाने पर सहमति बनी, जिसकी औपचारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी ने रायबरेली जनपद के संगठनात्मक विकास, सामाजिक कार्यों एवं जनसेवा के कार्यक्रमों में विशेष सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन केवल विचारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं सहयोग पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।

बैठक में सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से गुरुकुल एवं गौशाला निर्माण की दीर्घकालिक योजना पर विचार किया गया तथा समाज के सहयोग से इसे साकार करने का संकल्प दोहराया गया। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने तथा समाज सेवा के विविध कार्यों को और अधिक गति देने का भी संकल्प लिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला जी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, राष्ट्र और मानवता की सेवा है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज के उत्थान हेतु भी निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।

बैठक का समापन संगठन को मजबूत, सक्रिय एवं जनहितकारी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।