पिंडरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के सरावां स्थित मां भद्रकाली मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए मां भद्रकाली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के तहत 21 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत विधायक ने केक काटकर हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों के बीच वितरित किया तथा महिलाओं को साड़ी वितरण भी किया। बाद में श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनसमूह को मिष्ठान एवं प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के नारों से उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की लंबी आयु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष हवन-पूजन किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात मंदिर परिसर के समीप "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। साथ ही नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रतिभा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतेन्द्र सिंह, डॉ. जे.पी. दुबे, उषा रानी पटेल (प्रधान), आशीष सिंह, अशोक कुमार, बसंत उपाध्याय, सर्मेश सिंह, संजय पाण्डेय, राजू तिवारी, सुभाष पटेल, नवीन सिंह ‘पिंटू’, अरविंद मिश्र एवं दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।