रामपुर। उत्तर प्रदेश/रामपुर वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग, रामपुर रेंज के तत्वावधान में तहसील सदर परिसर में जिलाधिकारी अजय द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में आयोजित जनसुनवाई में भाग लिया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत कार्ड भी वितरित किए गए, ताकि उन्हें सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।