जय मां दुर्गे सेवा ट्रस्ट के समर कैंप का हुआ समापन, छात्राओं एवं महिलाओं को किया गया सम्मानित

वाराणसी। जय मां दुर्गे सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित समर कैंप का समापन 20 जून को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 21 मई से संचालित इस समर कैंप में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महिलाओं ने भाग लेकर मेहंदी, ब्यूटीशियन, सिलाई तथा डांस का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों को उनके प्रशिक्षण के लिए सराहा गया तथा बताया गया कि सभी छात्राओं एवं महिलाओं को शीघ्र ही प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में लक्सा थाने की महिला पुलिस कर्मियों की विशेष उपस्थिति रही।

इस अवसर पर महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करते हुए नारी शक्ति मिशन की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि वे किस प्रकार स्वयं को सुरक्षित रख सकती हैं तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में सहायता प्राप्त कर सकती हैं। लक्सा थाने की महिला पुलिस कर्मियों एवं ट्रस्ट की अध्यक्ष ज्योति प्रजापति ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।