बाइक टक्कर के विवाद में वृद्ध की मौत, परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का लगाया आरोप

*किशनपुर /फतेहपुर*  थाना क्षेत्र के चतुरपुर मजरा गढ़ा गांव में बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों ने छह लोगों पर घर पहुंचकर मारपीट करने और जमीन पर पटकने से मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चतुरपुर निवासी राजबहादुर निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह उनके भाई जयनारायण निषाद बाइक से जा रहे थे। बरियाछ पुल के पास उनकी बाइक की टक्कर महेंद्र, गोविंद और बराती की बाइक से हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसे स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से शांत करा दिया गया।

आरोप है कि कुछ घंटे बाद महेंद्र, कल्लू, अनिल, गोलू, बराती तथा गोविंद निवासी संगोलीपुर अपने साथियों के साथ रामबरन निषाद के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान महेंद्र और गोविंद ने 70 वर्षीय रामबरन निषाद का गला पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची किशनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।