वाराणसी। शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को समर्पित जेनिथ कोचिंग द्वारा आयोजित चार दिवसीय "Zenith Fest Reloaded 3.0" का भव्य समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विभिन्न विद्यालयों के गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए स्कूल ऑफ गुरुकुल, डिगिया के सीएमडी रवि प्रकाश जायसवाल एवं निदेशक ममता जायसवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रेडेंस इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक, पूर्वाचल कोचिंग संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा समीक्षा की गणेश वंदना से हुआ। वहीं श्रेयशी उपाध्याय ने अपनी मधुर प्रस्तुति "शिव कैलाशों के वासी" से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि जेनिथ कोचिंग पिछले एक दशक से अधिक समय से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है तथा अब तक 3500 से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षित कर चुकी है। संस्था के विद्यार्थियों ने 400 से अधिक डिस्टिंक्शन प्राप्त किए हैं तथा प्रतिवर्ष अनेक स्कूल एवं बोर्ड टॉपर्स दिए हैं।
चार दिवसीय फेस्ट में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने शतरंज, कैरम, रूबिक्स क्यूब, कप स्टैकिंग, डिक्लेमेशन, ई-स्पोर्ट्स, वाद-विवाद तथा कला एवं शिल्प प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वाद-विवाद प्रतियोगिता रही, जिसका विषय "Has AI Made Students Smarter or Dumber?" था। प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शिक्षा पर प्रभाव को लेकर प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए।
समारोह के दौरान सत्र 2025-26 के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा टॉपर्स, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को "Zenith Stellars" सम्मान से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रवि प्रकाश जायसवाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि विशिष्ट अतिथि आशीष श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन दिप्तेश पाण्डेय ने प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन प्राप्ति यादव ने किया।
कार्यक्रम में जेनिथ कोचिंग की निदेशक सविता पाण्डेय, प्रबंधक दिप्तेश पाण्डेय, हर्ष पाण्डेय, समन्वयक अर्चना पाण्डेय सहित शिक्षकगण निधि, खुशी, फरहान, अनुराग, आदित्य, साची, ज्योति एवं अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। "Zenith Hai To Mumkin Hai" के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।