रामपुर। उत्तर प्रदेश/जनपद रामपुर में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर कक्षा-8 की एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम संबंधों के जाल में फंसाने और घर से ले जाने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी जेई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जेई नरेंद्र पर आरोप है कि उसने नाबालिग छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर घर से बुलाया और उसके साथ फरार हो गया। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तलाश अभियान चलाकर छात्रा को बरामद कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।