सुद्धिपुर में वर्षों से आवागमन संकट झेल रहे ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय, चार कार्य दिवस में कार्रवाई का आश्वासन
वाराणसी। ग्राम सुद्धिपुर, थाना शिवपुर के लगभग 140-150 परिवारों को लंबे समय से आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा ऋतु में मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि आराजी संख्या 337, कुल रकबा 0.259 हेक्टेयर में न्यायालय द्वारा केवल 0.158 हेक्टेयर भूमि पर स्थगन आदेश पारित किया गया है, जबकि शेष 0.101 हेक्टेयर भूमि स्थगन आदेश से मुक्त है। इसके बावजूद पूरे क्षेत्र को विवादित बताकर मार्ग के निर्माण एवं मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील सदर प्रशासन ने प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी है। तहसीलदार सदर द्वारा जारी आदेश में राजस्व टीम गठित कर नियमानुसार रास्ता निकालने तथा राजस्व सीमांकन कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रकरण का निस्तारण नियमानुसार करते हुए चार कार्य दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।