• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Rain Wreaks Havoc in Kathariya: Filthy Water Enters Homes; Encroachments Block Path for Over 40 Children; Houses at Risk of Collapse

कठरिया में बारिश बनी आफत, घरों में घुसा गंदा पानी,नाले-तालाब पर अतिक्रमण से 40 से ज्यादा बच्चों का रास्ता बंद, मकान गिरने का खतरा

कठरिया में बारिश बनी आफत, घरों में घुसा गंदा पानी,नाले-तालाब पर अतिक्रमण से 40 से ज्यादा बच्चों का रास्ता बंद, मकान गिरने का खतरा

 खखरेरू/ फतेहपुर  विजयीपुर विकासखंड की ग्राम सभा कठरिया में पहली जोरदार बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तालाब और नाले पर अतिक्रमण के चलते बारिश का पानी गांव के मुख्य मार्ग समेत घरों के आसपास भर गया। करीब आधा दर्जन से अधिक परिवारों के मकान चारों ओर से जलभराव की चपेट में हैं। वहीं एक ग्रामीण ने मकान के कमजोर होकर गिरने की कगार पर पहुंचने की बात कही है।  ग्रामीणों के अनुसार तालाब और जल निकासी के नाले पर जगह-जगह अतिक्रमण होने से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। तालाब उफनाने के बाद पानी करीब 400 मीटर क्षेत्र में फैल गया। गांव के मुख्य मार्ग पर घुटनों से ऊपर तक गंदा पानी भरा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है   इसी रास्ते से प्रतिदिन 40 से 50 बच्चे विद्यालय जाते हैं  ग्रामीणों का कहना है कि अधिक पानी होने के कारण छोटे बच्चे आए दिन फिसलकर पानी में गिर जाते हैं। इससे उनकी ड्रेस, कॉपी और किताबें भीग जाती हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी चिंता है 

रामकुमार यादव, भोला यादव, नितिन यादव, अनार यादव, भोलानाथ, गुलाब, ओमनाथ और शिवमोहन पाल समेत कई ग्रामीणों के घरों के सामने घुटनों से ऊपर तक पानी भरा है। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके साथ ही पानी के रास्ते जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है   ग्रामीण अनार यादव ने बताया कि मकान के चारों तरफ लगातार पानी भरा होने से घर कमजोर हो गया है और गिरने की कगार पर पहुंच गया है। समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है  ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव की समस्या की जानकारी ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव समेत विकासखंड के अधिकारियों को दी गई है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने नाले और तालाब से अतिक्रमण हटाकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है  इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि मामले को दिखवाकर जल निकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा।