👉विद्यार्थियों की नाट्य कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधी समां
👉देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर
अजय सिंह
लखनऊ/गाजीपुर।(अजय सिंह) स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी, नंदगंज में शनिवार को देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शौर्य संगठन से जुड़े सैन्य पदाधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।
तिरंगा फहराते ही विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश के वीर सपूतों को नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शौर्य संगठन के पदाधिकारी फौजी सुरेंद्र सिंह, सूबेदार अभय यादव, मेजर सुभ्राति अहमद, सौर्य चक्र से सम्मानित विशेशी कुशवाहा, कैप्टन श्रीकृष्ण कुमार बिंद, सूबेदार अच्छे लाल कुशवाहा, सूबेदार अरविंद यादव तथा सूबेदार वीरेंद्र यादव मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य पुनीता सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नाट्य मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने देश की आजादी के संघर्ष, वीरों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन अभयनाथ यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संस्कार देने का दिन है।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि द कोटा ग्लोबल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि द कोटा ग्लोबल स्कूल में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण पद्धति, सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जाता है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में प्रबंधक सुजीत यादव, पूर्व प्रधान अशोक यादव, सूबेदार फौजदार यादव, बनारसी बिंद सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।