वाराणसी। श्रीराम नगर विकास समिति की आमसभा शनिवार को लेन नंबर-1 स्थित प्रभु पसंद में आयोजित हुई। मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी और विशिष्ट अतिथि पार्षद नवनीत पांडे ‘अतुल’ रहे। अध्यक्षता ओ.एन. उपाध्याय ने की।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के 100 वार्डों में पांच वार्डों को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें रानीपुर वार्ड भी शामिल है। रानीपुर वार्ड में आने वाली श्रीराम नगर कॉलोनी को भी आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित किया जाएगा। जर्जर सीवर व पानी की लाइनों का सुधार, बिजली के तारों को भूमिगत करने तथा सभी लेन व सड़कों के नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। पानी की समस्या दूर करने के लिए दो नए ट्यूबवेल लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
पार्षद नवनीत पांडे ‘अतुल’ ने कहा कि रानीपुर वार्ड और श्रीराम नगर कॉलोनी की छोटी-बड़ी समस्याओं का एक वर्ष के भीतर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो-तीन माह में कॉलोनी के मुख्य द्वार को भव्य द्वार का रूप दिया जाएगा, जिसका टेंडर प्रक्रिया में है। सफाई व्यवस्था के तहत कूड़ा उठाने वाली गाड़ी अब दोपहर 12 बजे के बजाय सुबह 8 बजे कॉलोनी पहुंचेगी।
समिति के उपाध्यक्ष आनंद मोहन सिंह और सचिव अशोक कुमार ने महापौर एवं पार्षद को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। प्रमुख सलाहकार पी.एन. पांडे एवं कोषाध्यक्ष पी.एन. चौबे ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अंत में अध्यक्ष ओ.एन. उपाध्याय ने अतिथियों का आभार जताया।
सभा में ए.के. शर्मा, गोविंद श्रीवास्तव, वी.एन. त्रिपाठी, नीलू श्रीवास्तव, रविंद्र राय, पी.सी. बरनवाल, अनूप मिश्रा और शाश्वत उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।