*रात 12 :00 बजे की बड़ी खबरें...................*
➡लखनऊ- परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। CM योगी आदित्यनाथ के शून्य मृत्युदर के लक्ष्य को पाने के लिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तेज की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष में नियम उल्लंघन करने वालों से 474 करोड़ रुपये का शुल्क वसूला गया, जबकि 4 महीने में 5 लाख चालान काटकर 172 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया।
➡लखनऊ- BKT पुलिस ने दहेज हत्या मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रीति गौतम की मौत के मामले में ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। मृतका के पति अरुण कुमार की पहले गिरफ्तारी हो चुकी थी। पुलिस ने जंगबहादुर और कंचना लता को घेराबंदी कर पकड़ा, दोनों पर दहेज हत्या सहित गंभीर धाराएं लगी हैं।
➡लखनऊ- सैरपुर पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया है। पुलिस ने चोरी की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। बाइक छठामील सब्जी मंडी से चोरी हुई थी। दोनों अपचारी भिठौली क्रॉसिंग और चकगंजागिरी तकिया से पकड़े गए, जिनकी उम्र करीब 15 और 16 वर्ष है।
➡लखनऊ- पारा थाना क्षेत्र में बाइक सवार की खड़े डाला से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार नीरज घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➡लखनऊ- इंदिरा नगर पुलिस ने बंद मकानों में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के 5 आरोपी चोरी करते थे जबकि एक ज्वैलर्स चोरी का माल खरीदता था। आरोपियों से 52,400 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, कार, बाइक और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद हुए हैं।
➡लखनऊ- प्रतापगढ़ सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड में योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई जारी है। पीड़ित परिवार की मदद के लिए मृतक की बेटी की 5 साल की फीस प्रशासन जमा करेगा और पत्नी को रोजगार देने की तैयारी है।
➡लखनऊ- BJP युवा मोर्चा ने राहुल गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाते हुए मशाल जुलूस निकाला। प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता VVIP गेस्ट हाउस से कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोका। वहीं कांग्रेस ने भी BJP मुख्यालय घेराव का आह्वान किया था। भारी पुलिस बल ने टकराव की स्थिति टाल दी।
➡अलीगढ़- सिविल लाइन थाना क्षेत्र में युवक पर रिवॉल्वर लहराकर दहशत फैलाने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक ने बिल्डिंग की खिड़की से रिवॉल्वर लहराई और अपने रिटायर्ड पिता को फ्लैट में बंद कर मारपीट की।
➡जालौन- युवक के सुसाइड के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर आरोपी राजबहादुर की गिरफ्तारी की मांग की गई। परिजनों ने गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी और सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर आरोप लगाए थे।
➡सोनभद्र- दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दिघुल गांव में नदी में डूबने से 33 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान खेत की जुताई के लिए घर से निकला था। ग्रामीणों ने गहरे पानी से शव बरामद किया, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
➡अलीगढ़- हाथरस निवासी युवक ने मां को कांवड़ में बैठाकर यात्रा शुरू कर अनोखी मिसाल पेश की है। युवक ने एक तरफ गंगाजल और दूसरी तरफ मां को बैठाया। रामघाट रोड पर इस यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
➡श्रावस्ती- सिरसिया थाना क्षेत्र के जुड़पनिया गांव में किशोरी का घर के अंदर फंदे से लटका शव मिला। बच्चों के विवाद के बाद नाराज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
➡नोएडा- विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने सेक्टर-62 में जिला अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता परेशान है।
➡गोंडा- छपिया थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का मामला सामने आया है। तांत्रिक के जिंदा करने के दावे पर परिजनों ने कब्र खोदकर बच्चे का शव बाहर निकाला और जड़ी-बूटी पिलाई। करीब 3 घंटे इंतजार के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो शव दोबारा दफना दिया गया।
➡श्रावस्ती- बूढ़ी राप्ती नदी में मगरमच्छ दिखने से सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुरैला-भेड़हिया के बीच मगरमच्छ दिखने की सूचना SSB जवानों ने वन विभाग को दी। वन विभाग ने जाल लगाकर निगरानी बढ़ा दी है।
➡कासगंज- नाबालिगों की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला सहित दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पटियाली क्षेत्र से कार्रवाई की।
➡अलीगढ़- वृंदावन में दर्शन करने गए BJP विधायक अनिल पाराशर और पुलिस के बीच नोकझोंक का वीडियो वायरल हुआ है। अनिल पाराशर अलीगढ़ के कोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
➡प्रतापगढ़- सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दीपू सिंह, अमन तिवारी और अनुज तिवारी पर इनाम रखा गया है। पुलिस अनुज तिवारी सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
➡बदायूं- सीएचसी बिसौली में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया।
➡बाराबंकी- सिरौलीगौसपुर तहसील के कन्धाईपुर गांव में माइनर में नहाते समय 10 वर्षीय बच्चा डूब गया। संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
➡प्रयागराज- बेलन नदी के भोगन पुल पर हादसा हुआ। साइकिल सवार पुल से नीचे गिर गया। कोरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और NDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
➡सहारनपुर- राहुल झाम लावारिस अस्थियों के वारिस बने हैं। 22 अस्थियों को लेकर टीम कनखल विसर्जन के लिए रवाना हुई। अब तक 600 लावारिस अस्थियों का विसर्जन किया जा चुका है।
➡कानपुर- कैबिनेट मंत्री राकेश सचान कानपुर पहुंचे। हथकरघा दिवस पर फैशन शो और प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। मंत्री ने खादी और हथकरघा वस्त्र अपनाने की अपील की।
➡नैनीताल- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा लोकसभा सांसद और विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।
➡हल्द्वानी- गौलापार में कुमाऊं संभाग की बैठक आयोजित हुई। CM पुष्कर सिंह धामी ने जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन हुआ।
➡इटावा- बकेवर पुलिस की 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़ हुई। चोरी के मामले में वांछित बदमाश सोनू ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
➡लखनऊ- इकाना स्टेडियम में UP T20 मैच के तीसरे दिन मेरठ मारविक्स और गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला हुआ। मेरठ मारविक्स के कप्तान रिंकू सिंह मैदान पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। दर्शकों ने चौके-छक्कों के बीच मुकाबले का आनंद लिया।
➡फर्रुखाबाद- पौत्रों ने दादी को कांवड़ में बैठाकर अनोखी यात्रा शुरू की है। एक तरफ दादी और दूसरी तरफ 51 लीटर गंगाजल लेकर पौत्र पंचाल घाट से निकले। करीब 80 किलोमीटर की दूरी 48 घंटे में पूरी कर एटा के मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
➡गोरखपुर- पिपराइच क्षेत्र में DJ से बिजली तार छूने से हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से करण चौहान की मौत हो गई। वहीं मोहन भारती इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए।
➡चंदौली- इलाज के विवाद को लेकर कमालपुर कस्बे के कोमल अस्पताल में जमकर बवाल हुआ। दर्जनभर लोग स्कॉर्पियो से पहुंचे और अस्पताल में तोड़फोड़ व मारपीट की। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
➡लखनऊ- राशन कोटेदारों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। CM योगी नई व्यवस्था का शुभारंभ करेंगे। यूपी के 78 हजार से ज्यादा कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया गया है। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली भी शुरू होगी।
➡आगरा- सेमरी ग्राम प्रधान का राष्ट्रगान पढ़ते वीडियो वायरल हुआ है। उच्चारण को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
➡मेरठ- कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में नशे में धुत अग्निवीर यश तोमर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगा है। आरोप है कि उसने दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।