पीसीएस से आईएएस बनने पर पंकज वर्मा का शिवसेना ने किया भव्य सम्मान

मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) में तैनात अधिकारी पंकज वर्मा के पीसीएस से आईएएस पद पर पदोन्नत होने पर शिवसेना पदाधिकारियों द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शिवसेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने किया।

इस अवसर पर वीरेंद्र अरोड़ा एवं अन्य पदाधिकारियों ने पंकज वर्मा का गुलदस्ता भेंट कर, तिलक लगाकर, पटका पहनाकर तथा लड्डू खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उन्हें आईएएस बनने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवसेना नेताओं ने कहा कि पंकज वर्मा की पदोन्नति उनकी मेहनत, ईमानदारी और प्रशासनिक दक्षता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आईएएस अधिकारी के रूप में भी वह जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

सम्मान समारोह में शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा, शिवू पांडे, अरुण ठाकुर, अनुज सिंह, हर्ष सिंह, धर्मेंद्र, शरद चौहान सहित अनेक शिवसेना पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण और सभी के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।