सामाजिक नेतृत्व को बढ़ावा देने हेतु 31 मई को होगा सोशल लीडरशिप सेमिनार।

वाराणसी। काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट एवं जेसीआई काशी द्वारा आगामी 31 मई 2026, रविवार को होटल लैंडमार्क, महमूरगंज, वाराणसी में सोशल लीडरशिप सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष संगोष्ठी समाज में सकारात्मक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जागरूक नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

संगोष्ठी का मुख्य विषय “सामाजिक नेतृत्व – जिम्मेदारी, चुनौतियाँ और उपलब्धियाँ” रहेगा, जिस पर पैनल चर्चा एवं विस्तृत विमर्श होगा। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े अनुभवी व्यक्तित्व एवं युवा नेतृत्वकर्ता सहभागिता करेंगे। चर्चा के दौरान सामाजिक नेतृत्व के वर्तमान परिदृश्य, चुनौतियों, नेतृत्व के प्रति घटती रुचि तथा अच्छे लोगों के आगे आकर जिम्मेदारी स्वीकार करने की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में सामाजिक संगठनों के तीन प्रेरणादायी एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सोशल लीडरशिप एवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल के. जाजोदिया करेंगे, जबकि पैनल वक्ता के रूप में सामाजिक नेतृत्वकर्ता संजय अग्रवाल, अलका पोद्दार एवं जेसी गौरव सेठ अपने विचार व्यक्त करेंगे।

लीडरशिप सेमिनार समिति के अध्यक्ष रोहित खेमका ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक संगोष्ठी नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं में सकारात्मक नेतृत्व विकसित करने की एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र मोहन साह ने नगर के जागरूक नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।