वाराणसी। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वाराणसी शाखा द्वारा 78वें सीए दिवस समारोह के अंतर्गत शुक्रवार को आईसीएआई भवन, पांडेयपुर में स्वैच्छिक रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय की टीम और लाल पैथ लैब, पांडेयपुर के सहयोग से आयोजित शिविर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
शिविर में सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 52 यूनिट रक्तदान किया। वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ उठाया। कार्यक्रम के संयोजक सीए चंद्र प्रकाश पांडेय, सीए शिल्पम खन्ना, सीए ऋषभ वी. प्रभाकर, सताक्षी शुक्ला एवं पंकज गुप्ता रहे।
समापन पर शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय ने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, लाल पैथ लैब, स्वयंसेवकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
रक्तदान करने वालों में शाखा उपाध्यक्ष सीए विकास द्विवेदी, सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय, पूर्व अध्यक्ष सीए विजय प्रकाश सहित कई चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए विद्यार्थियों ने सहभागिता कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।