वाराणसी। द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की वाराणसी शाखा द्वारा शनिवार को आईसीएआई भवन, पांडेयपुर में एमएसएमई महोत्सव के अंतर्गत एक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई के सहायक निदेशक राजेश चौधरी रहे, जबकि मुख्य वक्ता सीए विशाल सिंह एवं सीए विशाल बी. अशर ने एमएसएमई विकास, ऑडिट एवं कंप्लायंस फ्रेमवर्क पर विस्तार से जानकारी दी।
सीए विशाल सिंह ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट एमएसएमई इकाइयों को व्यवसाय विस्तार, वित्तीय सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं सीए विशाल बी. अशर ने बताया कि समय पर ऑडिट, टैक्स एवं जीएसटी अनुपालन से एमएसएमई को दंड से बचाने और सरकारी लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा ने किया। अध्यक्षता सीए देवानंद गुप्ता ने की तथा संचालन शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी शाखा सचिव द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शाखा पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भाग लिया।