• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Karni Sena expresses outrage over the Ram Mandir donation issue, Kashi Vishwanath darshan arrangements, and power outages; warns of agitation.

राम मंदिर दान प्रकरण, काशी विश्वनाथ दर्शन व्यवस्था और बिजली कटौती पर करणी सेना का रोष, आंदोलन की चेतावनी

वाराणसी,  करणी सेना, वाराणसी की एक आवश्यक बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं, काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं को हो रही असुविधाओं तथा शहर में जारी अघोषित बिजली कटौती जैसे जनहित के मुद्दों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री उत्तर प्रदेश वीर प्रताप सिंह ने कहा कि अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि एवं सामग्री से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार्य नहीं है।

जिलाध्यक्ष मंगलेश त्रिपाठी ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों और काशी के मूल निवासियों के लिए दर्शन की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती पर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया। संगठन ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली बाधित रहने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। यदि शीघ्र निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो करणी सेना जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।

संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इन मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेकर प्रभावी समाधान नहीं किया, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बैठक में राहुल त्रिपाठी (जिला संगठन महामंत्री, वाराणसी), नवीन सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), पूजा सिंह "नीलू" (मीडिया प्रभारी), अंकित मिश्रा (महामंत्री), शुभम सिंह "सीनू" (अध्यक्ष, अधिवक्ता प्रकोष्ठ), शुभम यादव (मंत्री), करणी सेना नारी शक्ति की प्रदेश उपाध्यक्ष दीपा सिंह तथा सोनम सिंह एवं तनुजा सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे