उत्तर प्रदेश में पर्यटन और होटल उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प

होटल जनरल मैनेजर्स एसोसिएशन की बैठक में उद्योग हित के मुद्दों पर मंथन

वाराणसी। सारनाथ स्थित होटल पिनेकल इन में होटल जनरल मैनेजर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (HGMAUP) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के प्रमुख होटल महाप्रबंधकों एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेते हुए पर्यटन संवर्धन, होटल व्यवसाय की प्रगति, अतिथि सेवाओं में उत्कृष्टता, आपसी सहयोग तथा उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष मुकुल दुबे, सचिव ब्रजेश सिंह तथा मेंटोर संदीप पाटियाल सहित प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित होटलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने पर्यटन एवं होटल उद्योग के समक्ष आने वाली चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए उद्योग के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, विचार-विमर्श सत्र तथा उद्योग हित से जुड़े विभिन्न आयोजनों का संचालन करेगी, जिससे होटल व्यवसाय की गुणवत्ता एवं सेवाओं में और अधिक सुधार लाया जा सके।

इस दौरान सभी सदस्यों ने वाराणसी सहित पूरे उत्तर प्रदेश में पर्यटन और आतिथ्य उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए होटल पिनेकल इन की टीम को धन्यवाद दिया।