रिश्वत की रकम लेकर बैठा था बाबू, पहुंच गई एंटी करप्शन टीम

बैनामे के विवाद में मुकदमे से बचाने के नाम पर मांगे थे एक लाख रुपये, उप निबंधक कार्यालय में रंगेहाथ पकड़ा

 खागा/फतेहपुर*  बैनामे के विवाद में मुकदमे से बचाने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते खागा तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय के कनिष्ठ सहायक को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई ने मंगलवार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अफरातफरी मच गई। टीम आरोपी को हिरासत में लेकर खागा कोतवाली पहुंची, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई  संग्रामपुर निवासी भीम सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज इकाई में शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, 17 जून को कराए गए एक बैनामे के संबंध में उप निबंधक कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध ने कथित तौर पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी थी। आरोप है कि मामले से बचाने के एवज में उससे एक लाख रुपये की मांग की गई शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई  *13 सदस्यीय टीम ने बिछाया जालमंगलवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की 13 सदस्यीय टीम खागा स्थित उप निबंधक कार्यालय पहुंची। दोपहर करीब 1:57 बजे शिकायतकर्ता ने आरोपी कनिष्ठ सहायक को एक लाख रुपये दिए। रकम लेते ही पहले से मुस्तैद टीम ने राहुल कुमार बौद्ध को पकड़ लिया *प्रतापगढ़ का रहने वाला है आरोपी*  गिरफ्तार कनिष्ठ सहायक की पहचान राहुल कुमार बौद्ध पुत्र स्व. रामलखन बौद्ध, निवासी पूरेघनी, पोस्ट रेडबीर, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के खागा उप निबंधक कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात था  *खागा कोतवाली में मुकदमे की कार्रवाई* गिरफ्तारी के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम आरोपी को लेकर खागा कोतवाली पहुंची। टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराने की कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से तहसील परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।