गौ रक्षा के लिए हर हिंदू को प्रतिबद्ध होना होगा : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

गौतम बुद्ध नगर, 16 जून। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने नोएडा में आयोजित गोप्रतिष्ठा यात्रा के दौरान कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए प्रत्येक हिंदू को संकल्पित होना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण को मतदान का प्रमुख मुद्दा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदाता नेताओं से स्पष्ट रूप से पूछें कि वे उनके वोट का उपयोग किस उद्देश्य के लिए करेंगे।

शंकराचार्य ने शुद्ध देसी गाय के दूध के महत्व पर बल देते हुए कहा कि इसके नियमित सेवन से शारीरिक और मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने गौ हत्या को गंभीर धार्मिक अपराध बताते हुए समाज से इसके विरोध में संगठित होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने कश्मीर में पूर्व में लागू गौ संरक्षण कानूनों का उल्लेख करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों सनातनी हिंदुओं को अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान के संरक्षण के लिए संगठित होना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौ रक्षा का संकल्प लिया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक घोषणा की। शंकराचार्य ने बताया कि 24 जुलाई को लखनऊ में गोप्रतिष्ठा यात्रा के समापन पर विशाल महासंकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।