भारत पर्यटन कार्यालय में उत्साह से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

वाराणसी। भारत पर्यटन, वाराणसी कार्यालय परिसर, कैंटोनमेंट में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारत पर्यटन के सहायक निदेशक श्री पावस प्रसून ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

समारोह में भारत पर्यटन, वाराणसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यटन जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में VTA के अध्यक्ष राशिद खान, TWA के अध्यक्ष राहुल मेहता, ADTOI उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरमैन संतोष सिंह, VTG के सचिव सौरभ पांडे, GATGA के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, VTGA के अध्यक्ष विमल पाठक, IITFA यूपी चैप्टर के अध्यक्ष विक्रम मेहरोत्रा, AGTA के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह तथा होमस्टे एवं B&B एसोसिएशन के उपाध्यक्ष उत्कर्ष बछी सहित विभिन्न पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्य मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के साथ देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

समारोह में पर्यटन जगत के प्रतिनिधियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और गौरवशाली परंपराओं को देश-विदेश में प्रदर्शित करने तथा पर्यटन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम ने ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के संदेश को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।