संदीप अग्रवाल सोनी कैन नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में उपस्थित समाज के व्यापारी
रामपुर। (मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारी भाइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा तिलक कॉलोनी स्थित उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कार्यालय से प्रारंभ हुई। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ व्यापारी यात्रा में आगे बढ़े। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया और लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई गांधी समाधि पहुंची, जहां व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भी नमन किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।