रामपुर। उत्तर प्रदेश /रामपुर।जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण, केंद्रों के सत्यापन तथा विभिन्न पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ), बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) एवं खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोषण योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसके लिए नियमित निगरानी और सत्यापन आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन के दौरान पोषण वितरण, बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पोषण योजनाओं के प्रभावी संचालन, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा कुपोषण मुक्त जिले के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।