डॉ. राहुल कुमार सिंह को मिला राज्य स्तरीय “फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड 2026”

वाराणसी, कृषि विज्ञान केन्द्र, कल्लीपुर, वाराणसी के प्रसार वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार सिंह को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु दिल्ली प्रेस समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड-2026 में “बेस्ट रिसर्चर इन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन” श्रेणी के अंतर्गत सम्मानित किया गया।

उक्त सम्मान समारोह का आयोजन लखनऊ विश्वाविद्यालय, लखनऊ के मालवीय सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही उपस्थित रहे। उन्होंने कृषि, डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और वैज्ञानिक तकनीकों का विस्तार किसानों की समृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में बाद में डॉ पंकज त्रिपाठी, कृषि निदेशक, उत्तर प्रदेश सरकार, डॉ . संजय सिंह, महानिदेशक UPCAR, दिल्ली प्रेस के कार्यकारी पब्लिशर अनंत नाथ एवं उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सचिव द्वारा डॉ. राहुल कुमार सिंह को सम्मान प्रदान किया गया।

डॉ. राहुल कुमार सिंह ने कृषि प्रसार एवं किसान सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अब तक 17 से अधिक कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) को तकनीकी सहयोग प्रदान किया है। विगत 8 वर्षों में 150 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से 5,000 से अधिक किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने जनपद की 112 कृषि सखियों को प्रशिक्षण प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त ARYA Scheme योजना को National Rural Livelihoods Mission के साथ समन्वित करते हुए 150 से अधिक मुसहर परिवारों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराया तथा उन्हें बकरी पालन इकाइयों से जोड़कर आय सृजन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य किया है।

शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में डॉ. राहुल कुमार सिंह द्वारा अब तक 70 शोध पत्र, 4 पुस्तकें, 10 बुक चैप्टर तथा 50 से अधिक कृषि लेख प्रकाशित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे 10 से अधिक विभिन्न परियोजनाओं में नेतृत्वकारी भूमिका निभा चुके हैं। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2023 में उन्हें उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस अवसर पर डॉ. राहुल कुमार सिंह ने आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति, निदेशक प्रसार, कृषि विज्ञान केन्द्र वाराणसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, केन्द्र के समस्त वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों, दिल्ली प्रेस समूह, कृषि विभाग तथा अपने सभी सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान कृषि क्षेत्र में किसानों के बीच वैज्ञानिक तकनीकों के प्रसार, नवाचार आधारित खेती को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण की दिशा में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

यह उपलब्धि कृषि विज्ञान केन्द्र, वाराणसी सहित पूरे क्षेत्र के कृषकों के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय है।