• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Young man who went to meet someone he befriended on social media beaten up by her family and villagers.

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, मिलने पहुंचे युवक की परिजनों व ग्रामीणों ने की पिटाई

खखरेरू/फतेहपुर  थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर चौराहे पर शनिवार दोपहर सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद एक युवती से मिलने पहुंचे युवक की युवती के परिजनों एवं कुछ ग्रामीणों ने कथित रूप से जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक तथा युवती को थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह मजरे जैदपुर निवासी उमेश कुमार पुत्र रामचंद्र यूट्यूब पर वीडियो बनाने का कार्य करता है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से दोस्ती हुई थी। इसी सिलसिले में युवक शनिवार को रक्षपालपुर चौराहे पर युवती से मिलने पहुंचा था।

बताया जाता है कि दोपहर करीब दो बजे युवती भी घर से निकलकर चौराहे पर पहुंच गई। उधर, युवती के अचानक घर से गायब होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन रक्षपालपुर चौराहे पहुंचे, जहां युवती को युवक के साथ देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि परिजनों ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाया और युवक व युवती दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि युवक और युवती के परिजनो से संपर्क करके बुलाया गया है आने के बाद आगे की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।