वाराणसी, 8 जुलाई। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 19वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को अस्सी स्थित गोयनका विद्यालय सभागार में चंद्रशेखर फाउंडेशन द्वारा "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, चंद्रशेखर और भारत का लोकतांत्रिक भविष्य" विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र ने की। मुख्य अतिथि कर्नाटक के विधायक एवं पूर्व मंत्री बी.आर. पाटिल रहे, जबकि राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज झा मुख्य वक्ता और जमानिया विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह विशिष्ट वक्ता के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने देश के लोकतंत्र और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन के अध्यक्ष हिमांशु सिंह ने किया। कार्यक्रम का संयोजन कुंवर सुरेश सिंह एवं पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।