वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना सिगरा पुलिस एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रावासों में अवैध रूप से कब्जा किए गए कमरों को खाली कराया गया। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर और चीफ वार्डेन की मांग पर की गई।
अभियान के दौरान लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास के 10 तथा नरेंद्र देव छात्रावास के 39 कमरों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। खाली कराए गए सभी 49 कमरों पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा ताला लगवा दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र अराजकता फैलाने, लगाए गए तालों से छेड़छाड़ करने अथवा दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास करता है तो प्रशासन की रिपोर्ट पर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान परिसर में शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी रही। नियमित छात्रों तथा छात्र नेताओं ने भी प्रशासन को सहयोग प्रदान किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्रावासों में केवल पात्र एवं नियमित छात्रों को ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।